श्रीनगर में 28 मई को दो केंद्रों पर होगी यूपीएससी प्री-परीक्षा

श्रीनगर गढ़वाल। संघ लोक सेवा आयोग के प्री-एग्जाम 2023 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में एचएनबी गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर श्रीनगर में बैठक आहुत की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पारदर्शी, सफलतापूर्वक तरीके से संपन्न कराया जाए। संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 28 मई 2023 को श्रीनगर के दो केंद्रों पर आयोजित होगी। शुक्रवार को यूपीएससी प्री-एग्जाम 2023 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में बताया गया कि श्रीनगर में 463 अभ्यर्थियों के लिए दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें बिड़ला परिसर व गुरु राम राय पब्लिक स्कूल शामिल है। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है वह गंभीरता से पालन करना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि 2 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। कहा प्रश्नपत्र को पुलिस बल के साथ सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक समय से पहुंचाएं। उन्होंने गेट पर लाउडस्पीकर रखने तथा उसके माध्यम से परीक्षार्थियों को समय की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। संघ लोक सेवा आयोग के डिप्टी सेक्रेट्री वीरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह परीक्षा केवल छात्रों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए है। कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल कंट्रोल रूम से सम्पर्क करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रारम्भ होने व समाप्ति तक हर परीक्षा केंद्र के बाहर पुरुष व महिला पुलिस जवान तैनात रहेंगे। बैठक में उपजिलाधिकारी अजयबीर सिंह, प्रो. एमएम सेमवाल, प्रो. बीपी शर्मा, सीओ श्रीनगर श्याम दत्त नौटियाल, जिला विकास अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद्र, तहसीलदार हरीश जोशी, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रामेन्द्र कुशवाह, प्रो. राकेश कुमार, प्रशांत कंडारी, आशुतोष गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *