विधायक ने वरिष्ठ नागरिकों से मांगे क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव
विकासनगर
भारतीय जनता पार्टी के महा जनसंपर्क अभियान के तहत विधान सभा के वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया गया। जीवनगढ़ स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनसे क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव मांगने के साथ ही केंद्र में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में अपना सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पार्टी संगठन के कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुंचानी जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर घर संपर्क कर समाज के सभी वर्गों से संवाद करना होगा। उन्होंने बताया कि समाज के सभी वर्गों में भाजपा का जनाधार बढ़े इसके लिए कार्यक्रमों की श्रृंखला तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों से निकलते हुए केंद्र में सरकार बनाने और विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनने में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का बड़ा योगदान है। विधायक मुन्ना चौहान ने कहा कि आज देश का नेतृत्व कुशल हाथों में है। एक ऐसा व्यक्ति जो पूरे विश्व को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है, उसे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अथक प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अपने अनुभव साझा किए। सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ता जनसंघ एवं भाजपा के संस्थापक सदस्य चंदनलाल अग्रवाल ने पार्टी के संघर्ष के दिनों की याद साझा करते हुए युवा कार्यकर्ताओं को लगन और मेहनत से पार्टी के लिए काम करने की सलाह दी। इस दौरान जिला महामंत्री अमित डबराल, सुरेंद्र चौहान, विपुल मूसला, विनोद कश्यप, देवेंद्र चावला, ऋषभ अग्रवाल, संजय मित्तल, अरुण मित्तल, प्रेमचंद जैन, संतोष रावत, बलवंत सिंह, जयंती पटवाल, छेदीराम भारती, मल्लाराम आदि मौजूद रहे।

