स्कूली छात्र-छात्राओं हेतु अपणु आधार’ बनाने को लगेंगे विशेष शिविर
रुद्रप्रयाग। स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए ‘अपणु आधार‘ बनाने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने इसके लिए जिला एवं तहसील स्तर पर टीमें गठित कर दी हैं। ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधा मिल सके। जनपद में कई छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड न बनने से उन्हें सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार ने जनपद में आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। अपणु आधार नाम से लगाने वाले शिविर में अधिक से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को लाभ दिया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन भी किया गया है। शिविर के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें मुख्य शिक्षा अधिकारी व ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सदस्य नामित किया है। जबकि आधार पंजीकरण/अद्यतन की कार्यवाही से संबंधित जानकारी के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर के मोबाइल नंबर 8476963028 पर संपर्क किया जा सकेगा। तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खंड शिक्षा अधिकारी व सभी प्रधानाचार्यों वाली टीम का गठन किया गया है। जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को रोस्टर लिस्ट, नामांकन के लिए शुल्क तालिका, स्वीकार्य सहायक दस्तावेजों की सूची समय से मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ताकि मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाचार्यों को समय से यह उपलब्ध कराई जा सके।

