सिंचाई के लिए पानी न मिलने पर भड़के काश्तकार
कोटद्वार
खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने पर सनेह क्षेत्र के काश्तकारों ने रोष व्यक्त किया है। इस संबध में काश्तकारों ने संयुक्त समाज सेवी संगठन के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तहसील पहुंचकर एसडीएम सोहन सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि अगस्त महीने में आई आपदा के दौरान बांयी खोह नहर का हेड क्षतिग्रस्त हो गया था। साथ ही सिंचाई नहर में भारी मात्रा में मलबा भर गया था। कहा कि आपदा के ढाई माह बाद भी सिंचाई विभाग अभी तक न तो हेड की मरम्मत करा पाया है और न ही नहर की सफाई ही हो पाई है। इस कारण काश्तकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि क्षेत्र के अधिकांश परिवार खेती कर ही अपना गुजारा करते हैं। वहीं संबधित विभागीय अधिकारी समस्या को लेकर लापरवाह बने हुए हैं। ज्ञापन में उपजिलाधिकारी से समस्या का समाधान करने के लिए संबधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति अध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, संरक्षक रतन सिंह नेगी, उपाध्यक्ष हरेंद्र रौतेला, सतेंद्र सिंह नेगी, चंद्रमणि देवरानी, हरीश चंद्र भदोला, पपेंद्र सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।
