नशे के कैप्सूल के साथ कार सवार दो युवक गिरफ्तार
विकासनगर
सहसपुर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशे के कैप्सूलों के जखीरे के साथ कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस ऐक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में पुलिस ने जेल भेज दिया है। सहसपुर थाना पुलिस सोमवार की देर रात को गश्त पर थी। इस दौरान सभावाला जाने वाले रास्ते पर आसन नदी पुल के समीप कार सवार दो लोग पुलिस को संदिग्ध हालत में नजर आये। आरोपियों की कार को पुलिस ने रुकने को कहा। लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगे। तभी पुलिस कर्मियों ने कार को चारों ओर से घेर कर दबोच लिया। आरोपियों की तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से पाच डिब्बों में प्रतिबंधित नशे के कैप्सूल बरामद किये गए, जिनकी संख्या करीब एक हजार है। पुलिस ने दोनों आरोपियों आमिर शेख पुत्र आसिफ निवासी नियर पैट्रोल पंप मेहूंवाला मूल निवासी अकबराबाद बिजनौर थाना कोतवाली देहात उत्तर प्रदेश और समीर खान पुत्र नसीम निवासी ग्राम चांद चक लक्ष्मीपुर को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष विनोद सिंह राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया है। कार को सीज कर दिया है। पुलिस की टीम में एसआई रविंद्र नेगी, कांस्टेबल नरेश पंत व इकबाल मलिक शामिल रहे।
