पूजा-अर्चना के बाद सीएम ने डाला परिवार संग  वोट

रुद्रपुर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुबह वोट डालने से पहले गांव के मंदिर में पूजा-अर्चना की। घर आकर परिवार के साथ भी पूजा की। पूजा के बाद सीएम अपनी मां विश्ना देवी, पत्नी गीता धामी के साथ नगरा तराई प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने परिवार के साथ अपना वोट डाला। वोट डालकर बाहर निकले सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के विकास और युवाओं के भविष्य को बनाने के लिए राज्य में डबल इंजन की सरकार बनेगी। हमारा नारा 60 के पार पूरा होने जा रहा है। धामी ने मतदाताओं से बढ़ चढ़कर मतदान की अपील की।
लोकतंत्र के महापर्व पर सोमवार की सुबह मौसम साफ था, धूप खिली थी। मतदान के दिन मौसम में सूरज की गर्मी ने रंगत ही बदल दी। बुजुर्ग से लेकर युवा तक वोट देने के लिए मतदान स्थल तक पहुंचे। कोई अपने परिवार के साथ वोट डालने गया तो कोई दोस्तों के साथ। मतदाताओं ने वोट डालने में गजब का हौसला दिखाया। दोपहर तक खटीमा क्षेत्र में पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की अच्छी-खासी संख्या दिखाई दी। वहीं सुबह सीएम भी घर और मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने परिवार के साथ वोट डालने गए। उन्होंने वोट डालने के लिए मतदाताओं का हौसला भी बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *