मारपीट मामले में दो पक्षों की क्रॉस तहरीर
चम्पावत
ब्लॉक लोहाघाट के जाख जिंडी में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट, गाली गलौच करने का आरोप लगाकर क्रॉस तहरीर पंचेश्वर कोतवाली में तहरीर दी है। विवाद के दौरान एक महिला के सिर मे गंभीर चोटें आई है। जाख जिंडी निवासी दीपा प्रथोली ने पंचेश्वर कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि गांव के ही पांच लोगों ने उसके घर में घुसकर जानलेवा हमला किया और जमकर मारपीट की है। दीपा ने आरोप लगाया कि उसके सिर में लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से चोटिल कर दिया। साथ ही उसकी बहन और बच्चे के साथ भी मारपीट की। चोटिल दीपा को आपात सेवा के जरिए लोहाघाट अस्पताल लाया गया। जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। पंचेश्वर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र गब्र्याल ने बताया कि दीपा देवी और गीता देवी ने एक दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौच करने का आरोप लगाते हुए क्रॉस तहरीर दी है। मामले की जांच एसआई हरीश राम कर रहे हैं। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
