बाहरी प्रदेशों से उपखनिज ला रहे 17 वाहन पकड़े

विकासनगर

प्रशासनिक टीम ने रोक के बावजूद हिमाचल, हरियाणा और पंजाब आदि प्रदेशों से खनन सामग्री लेकर उत्तराखंड पहुंचे वाहनों पर कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन की टीम ने बाहरी प्रदेशों से आ रहे 17 खनन के वाहनों वाहनों को पकड़ा है। इनसे सात लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। वहीं, तीन स्थानों पर बड़े पैमाने पर अवैध खनन के भंडारण पकड़े गये हैं। जिन्हें तहसील प्रशासन ने सील कर दिया है।
राज्य में अवैध खनन, खनन के अवैध भंडारण तथा बाहरी प्रदेशों से खनन सामग्री के परिवहन पर रोक है। मंगलवार को प्रशासन को सूचना मिली कि कुछ बाहरी राज्यों के वाहन उपखनिज लेकर आ रहे हैं। जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आर राजेश कुमार ने शिकायत मिलने पर उक्त वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और टीम का गठन किया। कार्रवाई के लिए गठित खनन विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने 19 अप्रैल को पछुवादून क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चेकिंग कर छापेमारी की है। जिसमें बाहरी प्रदेशों से उत्तराखंड में खनन सामग्री लेकर पहुंचे 13 डम्पर और चार ट्रैक्टर ट्राली को बार्डर पर रोककर पूछताछ की गई। प्रशासनिक टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए उक्त वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही तहसील प्रशासन ने उक्त लोगों से धनराशि के रूप में सात लाख रुपये का अर्थदंड वसूल किया है। इसके अलावा विकासनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कैंचीवाला में 1232 टन आरबीएम, ग्राम आदुवाला में 2332 टन मिट्टी आरबीएम भरान, ढकरानी में 179 घनमीटर और 517 टन अवैध उपखनिज का भण्डारण पाया गया। इसकी जांच कर अवैध खनिज पर अर्थदण्ड लगाने के लिए रिपोर्ट तहसील प्रशासन ने जिलाधिकारी को भेजी है। जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया है कि देहरादून में अवैध खनन, खनन के अवैध भण्डारण और बाहरी प्रदेशों से खनन परिवहन पर कड़ी कार्यवाई की जा रही है। बताया कि तहसील स्तर पर टीमों का गठन कर लगातार छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *