स्वच्छ भारत मिशन के तहत चंद्रभागा नदी को किया साफ

ऋषिकेश

आबादी के बीच कूड़ा डंपिंग जोन बन रही गंगा की सहायक चंद्रभागा नदी को साफ करने की सुध मुनिकीरेती नगर पालिका प्रशासन ने ली है। मंगलवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा कचरा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया गया। आसपास के लोगों को घरों और दुकानों से निकलने वाली गंदगी नदी में नहीं फेंकने की हिदायत दी।
मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी और अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह के नेतृत्व में ढालवाला क्षेत्र के समीप चंद्रभागा नदी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने नदी में जहां-तहां बिखरे कूड़े कचरे को एकत्रित किया। निस्तारण के लिए ट्रंचिंग ग्राउंड भेजा। पालिका कर्मियों ने गंगा की सहायक चंद्रभागा नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए लोगों से उसे स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही आसपास के लोगों को हिदायत दी कि गंदगी नदी में फेंकने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी तनवीर मारवाह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 से 30 अप्रैल तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नगर पालिका मुनिकीरेती की ओर से प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही नाला गैंग की सहायता से रात के समय निकाय क्षेत्र में प्रतिदिन नालों की सफाई की जा रही है। मौके पर सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार, सफाई नायक महिपाल, वर्क एजेंट जितेंद्र सिंह सजवाण समेत पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *