तेज हवा के बाद हल्की बारिश
रुड़की
लगातार गर्मी झेल रहे लोगों को बुधवार को कुछ राहत मिली। मौसम दोपहर से बदलने लगा। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज हवा चली। आधे घंटे तक अंधड़ चलने के बाद हल्की बारिश हुई। इससे तापमान गिर गया। करीब एक घंटे तक शहर में बिजली गुल रही। मार्च और अप्रैल से ही इस बार गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा रखे थे। अधिकतम तापमान चालीस डिग्री के पार चला गया था। मौसम विभाग ने बुधवार को तेज हवा चलने का पूर्वानुमान लगाया था। दोपहर बारह बजे से ही शहर में मौसम बदलने लगा था और हल्के बादल छाए। दोपहर करीब डेढ़ बजे बादल घने होने शुरू हो गए। इस दौरान हवा भी चली। मई में दोपहर में बादल छाने और हवा चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। शाम करीब साढ़े चार बजे काले घने बादल छा गए। इसके बाद अंधड़ शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक तेज हवा चली। हवा चलने से शहर में बिजली आपूर्ति बंद हो गई। आधे घंटे बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। लगातार रिमझिम बारिश होने से गर्मी में लोगों को कुछ सुकून मिला। देर शाम तक काले बादल छाए रहे और हल्की हवा चलती रही। हवा थमने के बाद करीब साढ़े पांच बजे शहर में बिजली की आपूर्ति शुरू हो गई।
