श्रीनगर में नगर निगम के शौचालय बंद
श्रीनगर गढ़वाल
चारधाम यात्रा शुरू हो गयी है, किंतु नगरपालिका के समय में बने नगर के शौचालय अभी भी बंद पड़े हैं। नगरपालिका से नगर निगम में तब्दील हुए श्रीनगर शहर के चौरास पुल के पास बने लाखों रुपये के शौचालय का संचालन नहीं हो पाया है। यहीं हाल श्रीकोट में है, जो विधायक निधि से वर्ष 2016-17 में निर्मित है, किंतु बंद पड़ा है। लोगों ने प्रशासन से उक्त शौचालयों को जल्द खोले जाने की मांग उठाई है, ताकि तीर्थ यात्रियों के साथ ही आम लोगों को शौचालय की सुविधा मिल सके। श्रीनगर के चौरास मोटर पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने शौचालय का निर्माण हुए लम्बा समय हो गया है, किंतु उसका अभी तक संचालन नहीं हो पाया है। उक्त शौचालय का निर्माण नगरपालिका रहते हो चुका था, किंतु पालिका इसका संचालन नहीं करा पायी। इसमें अभी विजली और पानी का कनेक्शन नहीं जोड़ा गया, जिससे शौचालय आज बंद पड़ा है। राजमार्ग पर होने तथा बस स्टाप होने के बाद भी यहां शौचालय शुरू नहीं किया गया। यहीं हाल श्रीकोट के शौचालय का है, जहां पर प्रथम तल पर विधायक निधि से शौचालय तथा ऊपरी तल पर श्रीकोट का मिलन केन्द्र बनाया गया, किंतु जिस मकसद से नगरपालिका द्वारा उक्त शौचालय का निर्माण किया गया तो वह लोगों के काम नहीं आ रहा है। शौचालय के गेट पर ताला लगा है तो अंदर गंदगी का अम्बार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने उक्त शौचालयों का जल्द संचालन किये जाने की मांग की है, ताकि तीर्थ यात्रियों के साथ ही आम लोगों की इनकी सुविधा मिल सके।
