घायल यात्री को प्रशासन ने एयर लिफ्ट कराकर भेजा एम्स

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक चोटिल यात्री को गंभीरवस्था में प्रशासन ने एयर लिफ्ट करवाकर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीके शुक्ला ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे केदारनाथ धाम जा रहे रायगढ़ (छत्तीसगढ़) निवासी 62 वर्षीय तीर्थ यात्री अचानक पहाड़ी से लुढ़के पत्थर की चपेट में आ गए। जिससे यात्री के सिर पर गंभीर चोट लग गई। सह यात्रियों द्वारा उसे पास स्थित एसएडी गौरीकुंड लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल यात्री को 108 एंबुलेंस से सोनप्रयाग लाया गया जहां से जिला प्रशासन की टीम द्वारा तत्काल उसे एम्स ऋषिकेश के लिए एयर लिफ्ट किया गया। सीएमओ ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में त्वरित कार्यवाही करते हुए बीमार/घायल हुए 11 यात्रियों को अब तक एअर लिफ्ट कर उनकी जान बचाई गई। इनमें चोट लगने के 5 मामले शामिल हैं। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर 16 चिकित्सा इकाइयों में अब तक 9356 की ओपीडी की गई, जिसमें से 6683 पुरुषों व 2673 महिलाओं की जांच कर दवा वितरित की गई। इसके अलावा पैदल मार्ग पर 13 चिकित्सा इकाइयों में स्वास्थ्य सेवा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने यात्रियों से प्रत्येक एमआरपी पर अपने शरीर में ऑक्सीजन के स्तर की जांच करने व वहां पर 10 मिनट का विश्राम करने के बाद यात्रा शुरू करने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *