टीम ने गन्ना सर्वे का किया आकस्मिक निरीक्षण 

रुड़की

गन्ना विभाग की टीम ने लक्सर के तीन गांवों में छापेमारी कर पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे गन्ना सर्वे का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान तीनों गांवों में पर्यवेक्षक गन्ना किसानों के साथ खेतों में सर्वे करते मिले। टीम ने निर्धारित अवधि में सर्वे पूरा करने को कहा।
गन्ना विभाग अभी से गन्ने के अगले पेराई सत्र की तैयारी में जुटा है। जो किसान गन्ना समिति के सदस्य हैं, गन्ना पर्यवेक्षक खेतों में जाकर उनके गन्ने की फसल के रकबे का सर्वे कर रहे हैं। इसकी निगरानी के लिए आयुक्त गन्ना एवं चीनी उद्योग ने विशेष टीम गठित कर रखी है। बुधवार को टीम ने लक्सर के मोहम्मदपुर बुजुर्ग, कुआंखेड़ा और ढाढेकी गांव पहुंचकर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीनों गांवों के पर्यवेक्षक अरुण कुमार गुप्ता, बृजेश कुमार सैनी और मनोज प्रजापति किसानों के साथ गन्ने के खेत में खड़े होकर सर्वे करते मिले। टीम ने पर्यवेक्षकों द्वारा सर्वे करके तैयार किए गए अभिलेखों की जांच भी की। टीम ने पूरी तरह त्रुटि रहित दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। निर्धारित अवधि के भीतर सर्वे कार्य पूरा करने की हिदायत भी दी। टीम में लिब्बरहेड़ी के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बीके चौधरी, गन्ना विकास निरीक्षक सुरेश कुमार पंवार और किरणपाल सिंह भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *