बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर, 4 की मौत

औरैया

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में बेला बिधूना मार्ग पर शुक्रवार सुबह रोडवेज बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोडवेज बस बिधूना से कानपुर जा रही थी। बस तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रही थी। इस बीच उसने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार सवार लोग कन्नौज से गंगा स्नान कर इटावा लौट रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतकों की पहचान अनमोल (7), गीता (50), सुशीला (45) और चालक शैलेंद्र कुमार (30) के रूप में हुई है।
घायलों में जोगेश, दीपू, जगत सिंह, कल्लू और प्रेम कुमार हैं। इन सभी को बिधूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) बेला जीवरम ने कहा कि बस में सवार कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि बस चालक फरार है, जिस उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *