उत्तराखंड के पौड़ी जिले में 5 महीने के अंदर 16 सड़क हादसे, 23 लोगों की गईं जान

पौड़ी

पौड़ी में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस साल अब तक 16 सड़क हादसों में 23 लोग अपनी जान गवां चुके है। गुरुवार को अधिकारियों ने यह जानकारी जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे द्वारा बुलाई गई समिति की बैठक में दी।
डीएम डा. विजय कुमार जोगदंडे ने लोनिवि, परिवहन व पुलिस समेत संबंधित सभी रेखीय विभागों को सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि जिले में जो सड़क मार्ग दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील हैं, उन स्थानों पर शीघ्र ही साइनबोर्ड व क्रैश बैरियर लगाने के साथ ही उनका ट्रीटमेंट भी शुरू करें। इसके लिए जिलाधिकारी ने लोनिवि को 30 जून तक का सीमा दिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर महीने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। पहले यह बैठक त्रैमासिक आयोजित होती थी। डीएम ने समिति में एक सदस्य गैर सरकारी भी रखने के निर्देश दिये हैं।बैठक में बताया गया कि वर्ष 2020-21 में कुल 67 सड़क दुर्घटनाओं में 38 लोगों की मौत हुई थी। जबकि 96 घायल हुए। बैठक में परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में कोटद्वार व श्रीनगर क्षेत्र दुर्घटनाओं के लिहाज से काफी संवदेनशील है। डीएम से सड़क के किनारे नालियों की साफ-सफाई करने के भी निर्देश दिये हैं। डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थानों में विशेष रूप से रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड लगाने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *