शादी रचाने जा रहे दो जोड़ों को पुलिस ने दबोचा

कानपुर

रतनलाल नगर में दो सगी नाबालिग बहनों संग शादी रचाने की प्लानिंग कर रहे किशोर व युवक को गुरुवार रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। किशोर एक महीने पहले ही मोबाइल लूट के आरोप में बाल सुधार गृह से आया था। गोविंद नगर क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा अपने मामा की बेटी के साथ घर से लापता हो गई थी। परिवार ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि दबौली का रहने वाला निखिल और उसका एक दोस्त भी गायब है। पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से तलाश शुरू की तो पता चला कि चारों लोग दिल्ली में मौजूद हैं। पुलिस दिल्ली रवाना होने वाली ही थी कि तभी गुरुवार को पुलिस को इनकी लोकेशन शहर में मिली। पुलिस ने हाईवे पर जाल बिछाया और गुजैनी स्थित कामदगिरि तिराहे के पास से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रतनलाल नगर चौकी प्रभारी सूर्यबली यादव ने बताया कि पूछताछ में लडक़ों ने बताया कि वह मंदिर में शादी करने जा रहे थे। मगर उससे पहले ही पुलिस ने धर दबोचा। किशोर को बाल न्यायालय में पेश करने के बाद सुधार गृह और युवक को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *