डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के मॉल में घुसकर बंदूकधारी ने की गोलीबारी, 3 लोगों की मौत

अन्य की हालत नाजुक
कोपेनहेगन

डेनमार्क की राजधानी कोपेनहेगन के मॉल में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। कोपेनहेगन पुलिस निरीक्षक सोरेन थॉमसन ने बताया कि मारे गए तीन लोगों में से एक व्यक्ति की उम्र 40 के आसपास थी और दो अन्य युवा थे। थॉमसन ने पत्रकारों को बताया कि गोलीबारी करने वाले संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान डेनमार्क के 22 वर्षीय नागरिक के तौर पर हुई है। हमले में किसी अन्य के शामिल होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। डेनमार्क में बंदूक हिंसाए दुर्लभ ही देखी जाती हैं। थॉमसन ने बताया कि अभी गोलीबारी करने की वजह पता नहीं चल पाई है।
डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने कहा,  हमला समझ से परे…हृदयविदारक है। हमारी सुंदर और आमतौर पर लोगों के लिए हमेशा सुरक्षित रही राजधानी में हालात कुछ ही सेकंड में बदल गए।घटनास्थल से जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें लोग मॉल से भागते हुए बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। डेनमार्क के प्रसारक ‘टीवी2 ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक व्यक्ति ‘स्ट्रेचर पर नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोग शोर मचाते हुए बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे और कुछ लोग दुकानों के भीतर भी छिप गए थे।
कोपेनहेगन के एक शॉपिंग मॉल में गोली चलाने वाले बंदूकधारी ने संभवत: अकेले ही घटना को अंजाम दिया और अंधाधुंध गोली चलाने के कारण लोग उसका निशाना बने। डेनमार्क की पुलिस ने यह जानकारी दी। कोपेनहेगन के मुख्य पुलिस निरीक्षक सोरेन थॉमसन ने सोमवार को कहा कि जांच अधिकारियों का मानना है कि घटना का संबंध आतंकवाद से नहीं है। थॉमसन ने कहा कि हमले में तीन लोग मारे गए। इनमें डेनमार्क के दो लोग और एक रूसी नागरिक था। वहीं, डेनमार्क के दो अन्य लोग और स्वीडन के दो नागरिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *