सेल्फी लेते कुल्हाल नहर में गिरे युवक और युवती, एक शव बरामद
शिमला
प्रदेश के पांवटा साहिब के पास हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सीमा कुल्हाल नहर में छात्र व छा़त्रा डूब गए। छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि छात्रा की तालाश की जा रही है। नहर में डूबे दोनों छात्र उत्तर प्रदेश के आजमगढ के रहने वाले हैं। छात्र और छात्रा हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब कॉलेज में पढाई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सेल्फी लेते वक्त यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि नहर में गिरकर लापता हुई छात्रा सिमरन रॉय कठोंन वलिया की रहने वाली हैं, जबकि मृतक छात्र डेविड यादव यूपी के आजमगढ़ के मेलामीपुर का रहने वाला था। उत्तराखंड राज्य की कुल्हाल चौकी पुलिस टीम इस मामले की जांच कर रही है। डेविड यादव व सिमरन रॉय दोनों पांवटा साहिब राजकीय महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष में पढाई कर रहे थे। दोनों साथ लगते राज्य में एक रिसोर्ट की तरफ घूमने निकले थे। बताया जा रहा है कि दोनों को साथ लगती कुल्हाल नहर के समीप सेल्फी लेते हुए देखा गया।
अंदेशा जताया जा रहा है कि सेल्फी लेते हुए हादसा हुआ। उसके बाद कुल्हाल पुलिस व स्थानीय गोताखोरों के सर्च अभियान में छात्र डेविड का शव नहर से बाहर निकाल लिया गया। लापता छात्रा के पिता हरिंदर नाथ रॉय का कहना है कि इस मामले की हर पहलू से जांच होना जरूरी है। लड़की के साथ कुछ गलत होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस से उचित जांच व नहर के पानी को रोक कर तलाश की मांग रखी है।

