द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर जश्न मनाया 

विकासनगर

आदिवासी समुदाय की द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित घोषित किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही जनजाति क्षेत्र जौनसार बावर में खुशी की लहर है। शुक्रवार को जौनसार बावर लेकर पछुवादून तक मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर जश्न मनाया गया। भाजपा विकासनगर मंडल कार्यकर्ताओं ने विकासनगर मुख्य बाजार में एक दूसरे को मिठाई बांट कर खुशी जाहिर की। मंडल अध्यक्ष गौरव चावला ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गौरव का पल है। आदिवासी महिला के देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचना भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। कहा कि पूरे विश्व में लोकतंत्र की जड़ें सबसे गहरी भारत में ही जमीं हैं। उन्होंने कहा कि यहां एक साधारण परिवार पैदा हुआ नागरिक अपनी मेहनत के बल पर देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन हो जाता है। दूसरी ओर साहिया स्थित सरदार महिपाल राजेंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर छात्र-छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए मिठाई बांटी। चेयरमैन अनिल सिंह तोमर ने कहा कि भारतीय गणतंत्र में यह पहला अवसर है जब कोई आदिवासी समुदाय की महिला देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हो रही हो। प्राध्यापक दीपक बहुगुणा ने कहा कि जनजातीय महिला का भारत का प्रथम नागरिक बनना वंचित वर्ग की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस दौरान डा. रवि कुमार, प्रियंका, दीक्षिता, प्रियंका तोमर, रितिका चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *