चौखुटिया में गंगा स्नान के साथ बैसी का आयोजन
अल्मोड़ा
क्षेत्र के सुख समृद्धि के लिए सावन मास में विभिन्न ग्राम पंचायतों मैं बैसी का आयोजन किया जा रहा है। खनुली, वेतनधार, नौगांव आदि ग्राम पंचायतों में देव स्नान के बाद इन दिनों श्री गुरु गोरखनाथ की 22 दिवसीय बैसी चल रही है। महिला मंडली कीर्तन -भजन गाकर क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रही है। ग्राम पंचायत खनुली में श्रीगुरु गोरखनाथ की बैसी के प्रथम दिवस मंगलवार को धूनी में दासगुरु की ओर से जातरा लगाकर सभी देवों का आह्वान किया गया। सभी देवों के प्रकट होने के बाद देवों ने अपने-अपने आड़ा-हथियारों को हाथ में धारण कर गंगा स्नान के लिए रामपादुका रामगंगा नदी तट पहुंचे। राम पादुका नदी तट पर ग्रामीण भक्तों ने पूजा पाठ के साथ देवडांगर ने देवता आह्वान कर विधिपूर्वक क्रमवार अवतरित देवों को स्नान करवाया। स्नान निवृत्त होने के बाद धूनी में निरंतर 22 दिन तक अथवा समयाभाव के कारण ग्यारह दिन तक सुबह-सायं जातरा लगाकर देव-दर्शन किये जाते हैं। बैसी के इस कार्यक्रम में दूर-दूर से ग्रामीण भागीदारी कर देवताओं का आशीर्वाद ले रहे हैं।

