भव्य बिश्नोई ने कांग्रेस को छोड़ा: बोले- पार्टी का नेतृत्व सुसाइड मिशन पर
चंडीगढ़
चार अगस्त को हरियाणा के दिग्गज नेता कुलदीप बिश्नोई भारतीय जनता पार्टी का दामन थामेंगे। उससे पहले बुधवार को उन्होंने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को अपना इस्तीफा सौंपा। अब बिश्नोई परिवार कांग्रेस से आर-पार के मूड में है। पिता के इस्तीफे के बाद भव्य बिश्नोई ने भी कांग्रेस छोड़ने का एलान कर दिया। उन्होंने ट्वीट कर कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। भव्य ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा और कहा कि 2004 में भूपेंद्र हुड्डा ने चौधरी भजनलाल के श्रम का फल बेशर्मी से खाया है। 2005 से लगातार कांग्रेस पार्टी के वोट शेयर में गिरावट आई है। कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व ‘सुसाइड मिशन’ पर है। पिछले छह वर्षों में पार्टी नेतृत्व ने कुलदीप बिश्नोई के साथ विश्वासघात किया है।

