सीबीएसई ने 10वीं, 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का टाइम टेबल जारी किया
नई दिल्ली
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं, 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है। छात्र जो भी इस परीक्षा के लिए शामिल हो रहे हैं, वे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट सीबीएसई डॉट जीओवी डॉट इन पर जाकर टाइम टेबल देख सकते हैं। कक्षा 10वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा 23 अगस्त से 29 अगस्त, 2022 तक और कक्षा 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा 23 अगस्त, 2022 को आयोजित की जाएगी। कक्षा 10, 12 की परीक्षा की अवधि सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक 2 घंटे की है। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का समय दिया जाएगा।
सभी कोविड-19 मानदंडों का पालन करते हुए देश भर में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें नाक, मुंह को मास्क से ढंकना, हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करना, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना और एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करना शामिल है। सीबीएसई कक्षा 10वीं, 12वीं का रिजल्ट 22 जुलाई, 2022 को घोषित किया गया था। कक्षा 12वीं के रिजल्टों में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 92.71 प्रतिशत और कक्षा 10वीं में कुल पास प्रतिशत 94.40 था।

