मारपीट मामले में सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

काशीपुर

ग्राम प्रधान के भाई से मारपीट और फायरिंग के मामले में सीओ ने रविवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। शुक्रवार देर रात ग्राम हरलालपुर में ग्राम प्रधान के भाई मो. रफी अपने घर जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही दीपक शर्मा से उनका विवाद हो गया था। आरोप है कि दीपक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल को निकालकर उन पर जानलेवा हमला करने की नीयत से फायर कर दिया था। वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद वह मौके से भागकर अपने घर आ गए। कुछ देर बाद दीपक अपने एक साथी सतनाम सिंह के साथ उसके घर आ धमका और गाली-गलौज कर पिस्टल निकाल ली थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को बाजपुर सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। सीओ ने बताया कि पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *