कुलपति की फर्जी व्हाट्सएप आईडी से भेजे जा रहे मैसेज, हड़कंप

श्रीनगर गढ़वाल

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि की कुलपति प्रो.अन्नपूर्णा नौटियाल के नाम से व्हाट्सएप की फर्जी आईडी बनाकर अज्ञात व्यक्ति की ओर से कई लोगों को व्हाट्सएप मैसेज किए जा रहे हैं। जिससे विवि में हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में विवि के कुलसचिव ने कोतवाल व एसएसपी पौड़ी को एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि कुलपति प्रो.अन्नपूर्णा नौटियाल के नाम से फर्जी आईडी बनाकर अज्ञात व्यक्ति लोगों को मैसेज भेज रहा है। जिसका कि कुलपति व विवि से कोई संबंध नहीं है। इससे पूर्व भी विवि की कुलपति के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को मेल भेजे जाने के मामले आ चुके हैं। जिस पर लिखा गया है कि विगत 2 जुलाई, 22 सितंबर व 4 अक्तूबर को भी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जिस पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। कहा उक्त प्रकरण अत्यंत गंभीर है व इससे विवि की गरिमा धूमिल हो रही है। उन्होंने उक्त प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया है। विवि के पीआरओ आशुतोष बहुगुणा ने बताया कि 27 अक्तूबर को कोतवाली में शिकायत पत्र दिया गया है। जिसकी प्रति एसएसपी पौड़ी को भी भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *