होली और शबे बरात पर हुड़दंग मचाने पर कार्रवाई होगी
रुड़की
होली और शबे बरात पर यदि किसी ने हुड़दंग मचाया तो पुलिस कार्रवाई को तैयार रहे। जेएम और पुलिस की बैठक में लोगों को पर्व को शांतिपूर्व तरीके से मनाने का अह्वान किया गया है। रविवार को कोतवाली परिसर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह और पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर पंकज गैरोला ने बैठक की। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव शाह ने कहा कि होली और शबे बरात शांति और सद्भाव पूर्ण वातावरण में मनाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई असामाजिक तत्व क्षेत्र की शांति भंग करने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी को दे। पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर पंकज गैरोला ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने पूरी सक्रियता बरती है। क्षेत्र में लगभग 37 स्थानों पर होलिका दहन होना है। होलिका दहन स्थल पर पुलिस पिकेट होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी तरह से सक्रिय है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पीएसी के जवानों को भी कस्बे में तैनात किया जा रहा है।
बैठक में एएसडीएम विजय नाथ शुक्ला, इंस्पेक्टर मंगलौर मनोज कुमार मैनवाल, एसएसआई संजीव थपलियाल, शहर चौकी प्रभारी अकरम अहमद, नंदकिशोर भट्ट के अलावा चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. शमशाद, याकूब अहमद, परवेज नंबरदार, मोहम्मद शफी, मनोज नायक, सेठू प्रधान, सभासद शहजाद अली, पवन सिंह, संजय प्रधान, डॉ. राजकुमार, खलील अहमद, मेजर राणा और अमित सैनी आदि मौजूद रहे।

