पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार के दो पक्षों में मारपीट
रुड़की
पैतृक संपत्ति को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में परिवार के कुछ सदस्यों को चोट लगी है। जिनको पुलिस ने उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजने की बात कही। दोनों पक्षों के करीब बीस से अधिक लोग शनिवार दोपहर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाकर कोतवाली पहुंच गए। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर में पैतृक संपत्ति को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद चला आ रहा है। शनिवार को संपत्ति को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला गाली गलौज से हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के कुछ सदस्यों को चोटें लगी है। मारपीट के बाद घायल अवस्था में एक दूसरे की शिकायत लेकर दोनों पक्ष दोपहर को गंगनहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि पैतृक संपत्ति को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हुई है। घायलों को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियामनुसार कार्रवाई की जाएगी।

