यात्राकाल में पेट्रोल पंप रात 11 बजे तक खुला रखें

उत्तरकाशी।  शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्राकाल में सभी पेट्रोल पम्पों का संचालन रात्रि 11 बजे तक किया जाय।
शुक्रवार को एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि 22 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होनी वाली है। इसके लिए जनपद में संचालित पेट्रोल पम्पों में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने यात्रा के दौरान ईंधन की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश पेट्रोल पम्प संचालकों को दिए। तथा पेट्रोल पम्पों में पर्याप्त कार्मिकों की तैनाती करने के साथ ही जनता को दी जाने वाली सुविधाएं यथा पेयजल,शौचालय एवं वाहनों में भरी जाने वाली हवा आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि पेट्रोल पम्पों में अग्निशमन के उपकरण को भी क्रियाशील रखने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा को देखते हुए होटल, रेस्टोरेंट औऱ ढाबों के मैन्यू में स्थानीय उत्पादों से बनाए गए व्यंजनों को भी शामिल किया जाय। उन्होंने कहा कि मंडुवा, झंगोरे और गहथ से निर्मित खाद्य पदार्थ एवं फल,सब्जी,औऱ पेय पदार्थ को सम्मलित किया जाय। बैठक में एसडीएम भटवाड़ी चतर सिंह चौहान, डीएसओ सन्तोष भट्ट, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश चौहान आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *