बिजली, पानी के दामों में वृद्धि के खिलाफ सरकार का पुतला जलाया
देहरादून
संयुक्त विपक्षी दलों एवं जनसंगठनों ने आज राजपुर रोड़ गांधी पार्क के पास बिजली, पानी के दामों में वृद्धि के खिलाफ तथा नगर निगम देहरादून में भारी भ्रष्टाचार और मेयर की संपत्ति की उच्च स्तरीय जांच को लेकर राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन मे संयुक्त विपक्षी दलों ने राज्य सरकार द्वारा बिजली में 10 प्रतिशत तथा पानी में 15 प्रतिशत वृद्धि का जोरदार विरोध किया तथा मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की है। इस अवसर पर संयुक्त विपक्षी दलों अपने ज्ञापन में कहा है कि मूल्य वृद्धि के चलते जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा तथा उद्योग धन्धों पर बुरा असर पड़ेगा, साथ ही बिजली पानी की मूल्य वृद्धि के कारण सभी आवश्यक सेवाऐं एवं महंगाई मे बढ़ोत्तरी होगी अतः जनहित यह बढ़ोत्तरी वापस हो। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं मेयर सुनील उनियाल गामा की सम्पत्ति विवाद पर उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन में संयुक्त विपक्षी दलों ने कहा कि टैक्स विभाग में भारी हेराफेरी के कारण आये दिन भवन करदाता निगम का चक्कर काटते रहते हैं। बार-बार कम्प्यूटर अपडेट के नाम से करदाताओं के नाम काटकर उनसे पुनः नाम जोड़ने के लिए पैसे लिये जाना आम बात है। इस अवसर पर अन्य दलों व संगठनों के कार्यकर्ता शामिल थे।

