लापता महिला का बैराज में मिला शव

ऋषिकेश

आवास-विकास क्षेत्र के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक बुजुर्ग महिला का शव एसडीआरएफ टीम ने बैराज जलाशय से बरामद किया है। पहचान होने के बाद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस महिला के लापता होने और गंगा में बहने के मामले की जांच में जुटी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक सोमवार को आनंद विहार, ऋषिकेश निवासी 75 वर्षीय शारदा भटनागर लापता हो गई थीं। काफी खोजबीन के बाद भी शारदा का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। गंगा में बहे लोगों की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम को मंगलवार सुबह गंगा से दो महिलाओं के शव बरामद हुए। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को सूचित करने पर एक महिला की पहचान परिजनों ने शारदा भटनागर के रूप में की। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि पुलिस ने शारदा के शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए एम्स भिजवाया है। दूसरी महिला के शव को लक्ष्मणझूला पुलिस के सुपुर्द किया गया है। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को शिनाख्त होने तक 72 घंटे के लिए एम्स की मोर्चरी में रखवाया है। पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस से संपर्क किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *