युवक ने संदिग्ध हालात में विषाक्त खाकर जान दी
विकासनगर
कालसी ब्लॉक के दिलऊ गांव निवासी एक युवक ने संदिग्ध हालात में विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गये। मंगलवार सुबह दस बजे दिलऊ गांव के एक व्यक्ति ने 108 सेवा को सूचना दी कि ठाणा डांड क्षेत्र में एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना पर 108 कर्मी मौके पर पहुंचे और बेहोश युवक को सीएचसी चकराता पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी चकराता के चिकिसक डॉ. विपिन तोमर ने बताया कि वहां मौजूद परिजनों ने बताया कि युवक ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया है। मृतक युवक की पहचान सूर्या (32) पुत्र धरमू ]निवासी दिलऊ कालसी के रूप में हुई है। डॉ. तोमर ने बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले हो चुकी थी। बताया कि परिजन शव को साथ ले गए हैं। उधर थानाध्यक्ष चकराता कुलवंत सिंह जलाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है।

