तूल पकड़ेगा वर्तमान, पूर्व विधायक के बीच का विवाद

 

रुड़की। खानपुर के पूर्व और वर्तमान विधायक के बीच विवाद विधानसभा चुनाव के काफी पहले से है। यह विवाद अभी तक सोशल मीडिया पर अधिक था। लेकिन, शिविर में हुई मारपीट के बाद मामला अब तूल पकड़ता दिख रहा है। पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए एहतियातन हालात पर नजर रख रही है। वर्ष 2022 विस चुनाव से काफी पहले पत्रकार वार्ता में तत्कालीन खानपुर विधायक चैंपियन का एक वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हुआ था। पत्रकार उमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर इसे लेकर चैंपियन का विरोध किया, साथ ही चैंपियन के विस क्षेत्र में सक्रिय भी हो गए। दोनों में जुबानी जंग हुई। उमेश कुमार निर्दलीय खानपुर सीट से विधायक बन गए। चैंपियन की पत्नी देवयानी सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर तीसरे नंबर पर रहीं। दोनों नेताओं और उनके समर्थक सोशल मीडिया पर अक्सर उलझते रहते हैं। खानपुर में समाज कल्याण विभाग के शिविर में हुए झगड़े के बाद मामला अब तूल पकड़ने की आशंका जताई जा रही है। बड़ी घटना होने की संभावना के मद्देनजर पुलिस दोनों पक्षों पर नजर रखे हुए है। एसओ खानपुर रविंद्र कुमार ने बताया कि इसमें अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *