चिन्यम डिग्री कॉलेज में वार्षिक उत्सव कराने को लेकर चल रहा विवाद समाप्त
हरिद्वार। चिन्मय डिग्री कॉलेज में वार्षिकोत्सव कराए जाने की मांग को लेकर छात्र प्राचार्य की गाड़ी के सामने लेट गए। इस दौरान जमकर हंगामा किया। छात्रों के तीन दिन से चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा के बाद वार्षिकोत्सव कराएं जाने का आश्वासन दिया है। मिले आश्वासन के बाद छात्रों ने विवाद को फिलहाल स्थगित कर दिया है। चिन्मय डिग्री कॉलेज के छात्र वार्षिकोत्सव कराए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार करीब 10:30 बजे कॉलेज परिसर में पहुंचे। यहां पर छात्रों ने वार्षिकोत्सव कराए जाने की मांग को लेकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्राचार्य का पुतला दहन किया। कॉलेज परिसर में छात्र संघ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में छात्र दोपहर तक प्रदर्शन करते रहे। इसी बीच करीब एक बजे प्राचार्य अपनी गाड़ी से घर जाने लगे। जैसे ही छात्रों को प्राचार्य की गाड़ी कॉलेज परिसर से बाहर जाते दिखाई दी तो छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य की गाड़ी के सामने लेट गए। इसी बीच सूचना पाकर रानीपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और कॉलेज के शिक्षकों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। लेकिन कॉलेज के छात्र जल्द से जल्द वार्षिकोत्सव कराए जाने की मांग पर अड़े रहे। प्राचार्य ने मौके पर ही छात्रों को परीक्षा के बाद वार्षिकोत्सव कराए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। इस अवसर पर छात्र संघ के अध्यक्ष कार्तिक सैनी, एबीवीपी के जिला सह संयोजक शैलेश त्रिपाठी, कर्ण सिंह नेगी, सचिन कुमार, अभिशेष मिश्रा, तुषार सैनी, देवदत्त, अमन, पल्लवी, दीपिका, आयुषी, नीतू, आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अगर कॉलेज के सभी छात्र छात्राएं अनुशासित रहें तो परीक्षा के बाद वार्षिकोत्सव कराया जाएगा। यदि इस बीच छात्रों द्वारा किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता दिखाई तो ऐसे में वार्षिकोत्सव नहीं कराया जाएगा। -डॉ. आलोक अग्रवाल, प्राचार्य, चिन्मय डिग्री कॉलेज

