भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी बूथों पर सुनी पीएम के मन की बात

देहरादून

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के सभी बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड को सुना। रविवार को इसके लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने नैनीताल, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने चमोली के माणा गांव जबकि सभी सांसदों और वरिष्ठ नेताओं ने राज्य के अलग- अलग बूथों पर मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस आयोजन में पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही पूर्व सैनिक, कामगार, व्यापारी, आदि समाज के सभी वर्गों के शामिल किया गया। मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन जन से संवाद करने की भावना का ही परिणाम है कि राज्य के हर कोने में मन की बात गूंज रही है। उनकी सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विकास की विचारधारा का ही नतीजा है कि देश का प्रत्येक व्यक्ति इस कार्यक्रम से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम से देश में सामाजिक चेतना आई है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने देहरादून, पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने हरिद्वार, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने जसपुर, सांसद अजय टम्टा ने अल्मोड़ा, माला राज्य लक्ष्मी शाह ने उत्तरकाशी के हर्षिल, तीरथ सिंह रावत ने कोटद्वार, कल्पना सैनी ने गुरुकुल नारसन, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी सहसपुर , पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत बालावाला और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल रहीं। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम को बड़ी संख्या में राज्य भर में लोगों ने सुना। उन्होंने बताया कि विभिन्न बूथों पर अलग अलग क्षेत्र की विभूति और चर्चित शख्सियतें भी शामिल हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *