परिचालक का बैग उड़ाया
हरिद्वार। हरियाणा रोडवेज के परिचालक का दस हजार की नकदी से भरा बैग बस से ही उड़ा लिया गया। परिचालक ने इस संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार को पानीपत रोडवेज की ये बस हरिद्वार बस स्टैंड पर पहुंची थी। बस स्टैंड कैंपस में बस को पार्क कर चालक परिचालक खाना खाने चले गए थे। सुबह होने पर चालक ने देखा कि सीट के नीचे रखा बैग गायब था। बैग में दस हजार रुपये, टिकट एवं एटीएम कार्ड रखा था। परिचालक वीरेंद्र कुमार पुत्र इंद्र सिंह निवासी बरोदा गोहाना जिला सोनीपत हरियाणा ने शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। एसएसआई मुकेश थलेड़ी ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

