शिवरात्रि पर शिवालयों में किया जलाभिषेक
रुड़की। शिवरात्रि के पर्व पर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में लोगों ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
शिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र के साथ भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर समितियों की ओर से मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया। पालिका प्रशासन ने मंदिरों के आसपास सफाई की विशेष व्यवस्था की। क्षेत्र के सभी मंदिरों में सुबह से ही लोगों ने पहुंचकर भगवान शिव की आराधना करते हुए उनका जलाभिषेक करना शुरू किया था। इसके चलते मंदिरों में दिनभर चहल-पहल बनी रही। इंस्पेक्टर मंगलौर महेश जोशी का कहना है कि कांवड़ मेला शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ। इसमें सभी लोगों का सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र के सभी मंदिरों के आसपास एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

