प्रावि पीपलढींग के भवन में दरार आई
चम्पावत। पाटी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पीपलढींग में लंबे समय से दरारें हैं। बीते कुछ दिनों से ये दरारें बढ़ती जा रही हैं। इसी को देखते हुए यहां अध्ययनरत 11 छात्र छात्राओं की पढ़ाई की व्यवस्था आंगनबाड़ी भवन में की गई है। पीपलढींग के प्रधान शिव सिंह चौहान ने बताया कि लंबे समय से विद्यालय के भवन में दरारें आई हैं। बताया कि बीते कुछ दिनों से ये दरारें बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना बीते 14 जुलाई को आपदा कंट्रोल रूम में दी गई थी। जिसके बाद सुरक्षा को देखते हुए यहां अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई आंगनबाड़ी केंद्र में की जा रही है। बीते दिन राजस्व उप निरीक्षक जगदीश राम ने स्कूल का निरीक्षण किया। प्रधान शिव सिंह चौहान, एसएमसी अध्यक्ष जगत राम, सूरज प्रसाद आदि ने स्कूल भवन मरम्मत की मांग की है। इधर पाटी के बीईओ भारत जोशी ने बताया कि बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में शिफ्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि भवन की मरम्मत दैवीय आपदा मद से शीघ्र की जाएगी।

