कर्मचारियों को स्वच्छता की दिलाई शपथ

पौड़ी। विकास भवन में स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ हो गया। 2 अक्तूबर तक चलने वाला यह स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय व स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण-शहरी) के संयुक्त तत्वावधान में मनाया जाएगा। शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पांडे सहित जिला स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन जुड़े थे। बताया कि स्वच्छता ही सेवा की थीम कचरा मुक्त भारत है, जिसका फोकस साफ-सफाई और सफाई मित्रों के कल्याण पर है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्वच्छता गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य स्वैच्छिक श्रमदान है। इन स्वच्छता अभियानों का ध्यान अधिक भीड़ वाले सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पर्यटन स्थल, चिड़ियाघर, राष्ट्रीय उद्यान और अभ्यारण्य, ऐतिहासिक स्मारक, विरासत स्थल नदी के किनारे, घाट, और नाले आदि पर होगा। यह कार्यक्रम, अभियान जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में चलाया जाएगा। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत छात्रों में वाद- विवाद, निबंध आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाई जाएंगी। साथ ही ग्राम पंचायत व निकायों में श्रमदान और सार्वजनिक स्थलों पर पैंटिंग करवाने के भी निर्देश दिए हैं। इस दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद्र, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *