धुमाकोट पेयजल पंपिंग योजना ठप

पौड़ी

धुमाकोट पंपिंग योजना पिछले तीन दिनों ठप पड़ी हुई है। पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंपिंग योजना से क्षेत्र के 32 गांवों को पानी की आपूर्ति की जाती है। 3 दिन गुजर जाने के बावजूद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। गत माह भी पम्प फूंक जाने से 18 दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रही। धुमाकोट निवासी पूर्व प्रधान कसाना पुष्कर सिंह रावत, मदन मोहन सिंह, मंगल सिंह, बिक्रम सिंह रावत आदि का कहना है कि कई दिनों तक पानी की आपूर्ति बंद होने के बावजूद विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को पूरा बिल दिया जा रहा है। पुष्कर सिंह रावत ने बताया कि उनके मकान पोस्ट ऑफिस पर बीते एक वर्ष से पेयजल आपूर्ति ही नहीं हुई है। कई बार अवगत कराने के बावजूद विभाग लगातार बिल पकड़ा रहा है लेकिन पानी की सप्लाई सुचारू करने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। जेई जल संस्थान किरन शर्मा का कहना है कि पम्पिंग योजना पर लगा ट्रांसफार्मर फुंक जाने से पेयजल आपूर्ति बंद हो रखी है। इस सम्बंध में विद्युत विभाग को सूचित कर शीघ्र आपूर्ति चालू करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *