नदियों में हो रहे अवैध खनन को रोके तहसील प्रशासन
ऋषिकेश(आरएनएस)। कांग्रेस ने डोईवाला में नदियों में हो रहे अवैध खनन को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन को लेकर कार्रवाई की मांग की। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि सोंग नदी और सुसवा नदी में नियमों के खिलाफ खनन किया जा रहा है। इससे नदियों का जल स्तर घट रहा है और पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। इस बारे में पहले भी प्रशासन को बताया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि अवैध खनन के कारण नहरों का पानी सूख रहा है, इससे सिंचाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगर प्रशासन ने उचित कार्रवाई नहीं की, तो नगर कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। मौके पर कांग्रेस नगर सचिव संजीव भट्ट, भानियावाला ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश प्रसाद, राहुल सैनी, स्वतंत्र बिष्ट, सुभम कांबोज, अमित सैनी, आशु राणा, शाकिर अली, महेश लोधी, परमजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।

