विधायक से क्षेत्र के विकास कार्य आगे बढ़ाने की मांग
नई टिहरी
जौनपुर के अपर पालीगाड़ क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने क्षेत्रीय विधायक को चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की मांग की है। धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार इन दिनों विधानसभा क्षेत्र भ्रमण पर हैं। अपर पालीगाड़ क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने विधायक को क्षेत्र के विकास को लेकर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ग्राम प्रधान जयदेव गौड़ ने बताया कि विधायक को सौंपे गये मांग पत्र में चापड़ा, उर्डासू, मोलधार, ओतड़, अरेडा आदि मोटर मार्ग का डामरीकरण तथा पैचवर्क के साथ सुधारीकरण कार्य की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई पर्यटक स्थल हैं, जो आज भी शासन-प्रशासन की अनदेखी के कारण उपेक्षित हैं। सुविधाओं के आभाव में बाहर से आने वाले पर्यटक वहां तक नहीं पहुंच पाते हैं। कहा देवलसारी से नागटिब्बा तक मोटर मार्ग होता तो उक्त क्षेत्र पर्यटक स्थल के रूप में उभर सकता है और स्थानीय युवाओं के लिये रोजगार के साधन पैदा हो सकते हैं। उन्होंने विधायक से क्षेत्र के विकास के लिए नई योजनाएं बनाने की भी मांग की है। मांग पत्र सौंपने वालों में कमल किशोर नौटियाल, राकेश कुमार, दीपक मेलवान, कुलदीप परमार, नवीन कुमार, राजेंद्र कोहली, विजेंद्र पंवार आदि मौजूद थे।
