थत्यूड़ के लिये बस संचालन की मांग
नई टिहरी
जिला पंचायत सदस्य सनवीर बेलवाल तथा जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता रावत ने थत्यूड से जिला मुख्यालय नई टिहरी और देहरादून के लिये परिवहन निगम और निजी बस सेवाओं के संचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि बस सेवाओं का संचालन न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बताया राज्य बनने से पूर्व यूपी परिवहन निगम की प्रतिदिन दो बसे थत्यूड़ पहुंचती थी। बीते कुछ वर्ष पूर्व देहरादून से थत्यूड़ के लिये परिवहन निगम की एक बस संचालित हुई थी, लेकिन बस सेवा एक साल के भीतर बंद हो गई। कहा कि बस सेवाओं के संचालित न होने से लोगों को टैक्सी और मैक्सी वाहनों के भरोसे ही जिला मुख्यालय और देहरादून का सफर करना पड़ता है। बताया इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन से मौखिक और लिखित रुप से बस सेवाओं के संचालन की मांग की गई, लेकिन बसों का संचालन नहीं हो पाया है। उन्होंने शासन-प्रशासन से जौनपुर क्षेत्र के लोगों की सुविधा हेतु बसों के संचालन की मांग की है।
