जानकीपुरम पुलिस ने वाहन चोर को किया गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

लखनऊ

उत्तर प्रदेश की राजधानी में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
जानकीपुरम क्षेत्र निवासी कमलदीप शर्मा की मोटरसाइकिल (नंबर यूपी 32 ईसी 6890) 15 फरवरी 2025 को चोरी हो गई थी। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ थाना जानकीपुरम में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। 17 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि मामले से संबंधित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीडीआरआई रोड स्थित गेट नंबर 01 और 02 के बीच पुलिया के पास से अभियुक्त देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। देवेंद्र यादव मूल रूप से गाजीपुर जनपद के मटखन्ना गांव का निवासी है और लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार स्थित शांति रेजिडेंसी में रह रहा था। वर्तमान में वह सब्जी बेचने का काम करता है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वही मोटरसाइकिल बरामद हुई जो फरवरी में चोरी हुई थी।देवेंद्र यादव के खिलाफ पहले भी गुडम्बा और जानकीपुरम थानों में वाहन चोरी और जालसाजी के गंभीर आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गुडम्बा थाना क्षेत्र में वर्ष 2022 और 2023 में चोरी, धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत मामले दर्ज हैं।इस पूरे ऑपरेशन में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार वर्मा, हेमेन्द्र सिंह, मनीष कुमार चौहान और मुख्य आरक्षी अजीत वर्मा शामिल रहे। अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *