लाचारी या बेबसी खेल प्रतिभा के आढ़े नहीं आने देंगे: धामी

-खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए  हर मदद करेगी सरकार

रुद्रपुर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए सरकार हर मदद करेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ी को खेलने में परेशानी न हो, कोई भी लाचारी या बेबसी खिलाड़ी की प्रतिभा के आड़े नहीं आये, इसके लिये सरकार खेल नीति के अनुसार खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिये नियुक्ति देगी। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी और बेहतर खेल का माहौल उपलब्ध कराया जाएगा। सीएम धामी ने रुद्रपुर में 23वीं यूथ नेशनल वॉलीबाल चैंपियनशिप (महिला और पुरुष) के शुभारंभ के अवसर पर यह बात कही। सीएम ने कहा कि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष तक के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी शारीरिक टेस्ट और क्षमता के आधार पर हर महीने 1500 रुपये प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है। ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को 5400 ग्रेड पे पर नियुक्ति दी जाएगी। ओलम्पिक, एशियाई खेलों, विश्व चैंपियनशिप, राष्ट्रमण्डल खेलों के खिलाड़ियों को 4600 व 4800 ग्रेड पे के पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। खिलाड़ियों के लिए हर सम्भव मदद करेंगे।
सीएम ने कहा कि खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ियों की मदद को सभी हाथ बढ़ाते हैं लेकिन जब वह सफलता प्राप्त करने के लिए संघर्ष कर रहा होता है, मदद को कम ही हाथ आगे आते हैं। प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अभ्यास के समय आवश्यकता पर प्रतिभाओं को मदद नहीं मिल पाती और खिलाड़ियों को कई प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने खेल नीति-2021 को लागू किया है। इसमें खिलाड़ियों के खेलने की व्यवस्था, रहने और खाने की व्यवस्था और अच्छा प्रदर्शन करने के बाद सरकारी नौकरी की भी व्यवस्था नई खेल नीति में की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *