आखिरकार बन ही गई संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति

ऋषिकेश

चारधाम यात्रा के लिए संयुक्त यात्रा रोटेशन व्यवस्था समिति के गठन को लेकर चल रहा गतिरोध आखिरकार समाप्त हो गया। एकजुट हुए सात कंपनियों के संचालकों ने रोटेशन व्यवस्था समिति बनाने का ऐलान किया है। सर्वसम्मति से संजय शास्त्री को रोटेशन समिति का अध्यक्ष चुना गया है। इसके अलावा श्रीनगर लोकल रूट के पूर्व अध्यक्ष नवीन तिवाड़ी को समिति के प्रभारी का दायित्व सौंपा है। मंगलवार को ऋषिकेश के सुदामा मार्ग स्थित जीएमओ कार्यालय में चारधाम यात्रा में वाहनों का संचालन करने वाली सात निजी परिवहन कंपनियों के पदाधिकारियों और संचालकों की बैठक हुई। इसमें संयुक्त चारधाम यात्रा रोटेशन व्यवस्था समिति को लेकर चर्चा की गई। करीब एक घंटे के मंथन के बाद परिवहन कंपनी संचालकों ने उत्तराखंड के परिवहन व्यवसाय और मोटर मालिकों के हितों के मद्देनजर सर्वसम्मति से रोटेशन व्यवस्था बनाने पर सहमति जताई और रोटेशन समिति के पूर्व अध्यक्ष संजय शास्त्री को रोटेशन व्यवस्था समिति के अध्यक्ष की बागडोर सौंपी। परिवहन कंपनियों के संचालकों ने नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। उम्मीद जतायी की उनके कार्यकाल में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से चलेगी। मौके पर टीजीएमओसी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, रूपकुंड अध्यक्ष भूपाल सिंह नेगी, जीएमओ अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल, पर्यटन अधिकारी जीएमओ अनिल बरगली, सीमांत सहकारी संघ संचालक चरण सिंह गड़िया, टीजीएमओसी संचालक बलवीर सिंह रौतेला, जीएमसीसी सचिव अजय बधानी, जीएमओ संचालक हर्ष सिंह रावत, अध्यक्ष श्रीनगर लोकल मार्ग योगेश उनियाल, संचालक यूजर्स सुभाष ध्यानी, धीरेंद्र गुसाईं आदि मौजूद रहे।
समिति से बाहर कंपनियों से जल्द वार्ता
संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के चुने गए अध्यक्ष संजय शास्त्री ने बताया कि यात्रा व्यवस्था समिति में दो परिवहन कंपनियां यातायात एवं पर्यटन सहकारी संघ और दून वैली मोटर शामिल नहीं है। इनके पदाधिकारियों से दो-तीन दिन बाद वार्ता की जाएगी। नवनियुक्त अध्यक्ष ने उम्मीद जतायी की वार्ता के बाद परिणाम सकारात्मक होंगे। शास्त्री ने दो टूक कहा कि रोटेशन का गठन मोटर मालिकों और परिवहन कंपनियों की समस्याओं के निदान को सकारात्मक कार्रवाई करने की शर्त पर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *