बाढ़ सुरक्षा चौकियों में भी मोर्चा संभालेंगे होमगार्ड

ऋषिकेश

मानसून के दौरान ऋषिकेश तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित होने वाली बाढ़ सुरक्षा चौकियों में होमगार्ड भी मोर्चा संभालेंगे। बाढ़ चौकियों में विभागीय अभियंता, राजस्व उपनिरीक्षक के साथ अब होमगार्ड की भी तैनाती रहेगी। हालांकि, होमगार्ड की डयूटी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी। बुधवार को ऋषिकेश तहसील में देहरादून से पांच होमगार्ड की आमद हुई। तहसील पहुंचे होमगार्डों को रजिस्ट्रार कानूनगो और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही डयूटी संबंधी जानकारी दी। बताया कि बाढ़ सुरक्षा चौकी में तैनात होमगार्ड सुरक्षा व्यवस्था के साथ बाढ़ के खतरे से निपटने में रेस्क्यू टीम का सहयोग करेंगे। रजिस्ट्रार कानूनगो प्रमोद कुमार ने बताया कि ऋषिकेश तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाके छिद्दरवाला, प्रतीतनगर, गौहरीमाफी, रानीपोखरी ग्रांट और ऋषिकेश शहर में बाढ़ सुरक्षा चौकियां खोली जाती हैं। बाढ़ सुरक्षा चौकी में सिंचाई, पीडब्लूडी विभाग के अवर अभियंता और राजस्व उपनिरीक्षक की तैनाती की जाती है। अब इनके साथ होमगार्डों की भी डयूटी लगायी गई है। बाढ़ चौकी में तैनात होमगार्डों का डयूटी चार्ट तैयार कर उन्हें संबंधित बाढ़ चौकी में रवाना कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *