शीशमबाड़ा प्लांट में लगी आग अब भी नहीं बुझ पाई

विकासनगर

दो सप्ताह पूरा होने को हैं। लेकिन शीशमबाड़ा प्लांट के कूड़े में लगी आग अब तक पूरी तरह से नहीं बुझ पायी है। अब भी प्लांट में आग लगी है और प्लांट से जहरीला धुआं निकलना जारी है। प्लांट प्रशासन का दावा है कि लगातार आग बुझाने का प्रयास जारी है। दो तीन दिन में आग को बुझा लिया जायेगा।
शीशमबाड़ा प्लांट में चार अप्रैल को आग लगी थी। तब अग्निशमन विभाग से लेकर अब प्लांट प्रबंधन खुद आग बुझाने में लगा है। कूड़े के ढेर में मिट्टी और पानी डाला जा रहा है। लेकिन कूड़े के ढेर से आग अब तक पूरी तरह से नहीं बुझी है। गुरुवार सायं को तेज हवाओं के चलते आग फिर सुलग उठी। जिसके बाद प्लांट प्रबंधन आग बुझाने में लगा हैं। लेकिन आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। प्लांट के पिछले हिस्से में पश्चिम की ओर से लगी आग लगातार सुलग रही है। जिससे प्लांट से खतरनाक जहरीला धुआं लगातार उठ रहा है। सुबह के समय धुआं सेलाकुई बाजार से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों में छाया हुआ रहता है। प्लांट से अब दुर्गंध भी निकल रही है। जिससे आसपास के लोग परेशान हैं। प्लांट से निकल रहे जहरीले धुएं और दुर्गंध से लोगों को खुली हवा में सांस लेना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्लांट प्रबंधन कंपनी के राविंद्र चौधरी का कहना है कि आग नियंत्रण में है लेकिन अभी पूरी तरह से बुझी नहीं है। बताया कि कूड़े के ऊपर मिट्टी की लेयर डालने के साथ ही पानी से आग को बुझाया जा रहा है। बताया कि दो तीन दिन का और समय आग को पूरी तरह बुझाने में लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *