नर्सिंग विहार कॉलोनी में बारिश होते ही मुख्य मार्ग पर भर रहा पानी, स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता की जांच और स्थायी समाधान की उठाई मांग

जगजीतपुर, हरिद्वार

 जगजीतपुर क्षेत्र की नर्सिंग विहार कॉलोनी, फुटबॉल ग्राउंड के निकट, जमालपुर रोड पर उत्तराखण्ड पेयजल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य कराया गया था। सीवर लाइन के लिए मार्ग की खुदाई के बाद सीसी मार्ग का निर्माण/मरम्मत भी कराई गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्तमान में मार्ग का लेवल सही ढंग से निर्धारित नहीं किया गया है। इसके चलते बारिश होने अथवा पानी आने पर मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क का समतलीकरण एवं लेवल ठीक नहीं होने के कारण पानी की निकासी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। बारिश के बाद काफी समय तक सड़क पर पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति परेशानी का कारण बनी हुई है।

लंबे समय तक जलभराव रहने से सड़क की स्थिति खराब होने के साथ ही मच्छरों के पनपने की आशंका भी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा सीवर लाइन कार्य के बाद कराए गए सीसी मार्ग के लेवल, समतलीकरण और निर्माण गुणवत्ता की जांच की जाए। जांच के बाद आवश्यकता के अनुसार मार्ग को दोबारा उचित लेवल में दुरुस्त कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि निर्माण कार्य करने वाली फर्म अथवा पेटी ठेकेदार के कार्य की गुणवत्ता और मौके की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किए बिना भुगतान की कार्रवाई न की जाए। आवश्यक सुधार कार्य पूर्ण होने और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित किए जाने के बाद ही नियमानुसार भुगतान किया जाए।

स्थानीय लोगों ने विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *