जम्मू कश्मीर के पंचायत प्रतिनिधियों ने किया केदारावाला गांव का भ्रमण

विकासनगर। जम्मू कश्मीर के जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य व अधिकारियों का 40 सदस्यीय दल भ्रमण पर केदारावाला ग्राम पंचायत में पहुंचा। जम्मू कश्मीर से आये पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों का ग्राम प्रधान तथा पंचायत सदस्यों ने स्वागत किया। राष्ट्रीय पुरष्कार से सम्मानित ग्राम पंचायत केदारावाला में मंगलवार को पहुंचे जम्मू कश्मीर के पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों के कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान से किया गया। इसके बाद मेहमान पंचायत प्रतिनिधियों को ग्राम पंचायत केदारावाला में हुए विकास कार्यों पर पंचायतराज विभाग उत्तराखंड द्वारा तैयार की गयी 22 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गयी। पूर्व ग्राम प्रधान इमरान खान ने ग्राम पंचायत विकास योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत में विभिन्न विभागों द्वारा ग्राम पंचायत के सहयोग से कराये गए विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। बताया कि ग्राम पंचायत केदारावाला पूरे देश में ग्राम पंचायत विकास योजना के मॉडल के रूप में कार्य कर रही है। ग्राम प्रधान तबस्सुम इमरान ने ग्राम पंचायत में वर्तमान में चल रही सभी योजनाओं की जानकारी दी। बताया कि कोरोना से बचाव के लिए कार्य करने के साथ ही गरीब परिवारों को राशन वितरण किया गया। बाहर से आकर ग्राम पंचायत में फंसे मजदूरों को ग्राम पंचायत में रुकवाकर उनके लिए राशन की व्यवस्था की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी मो. मुस्तफा खान ने प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा की ग्राम पंचायत केदारावाला से सीखकर आप भी अपनी अपनी ग्राम पंचायत में इसी प्रकार कार्य कर सकते हैं। मनरेगा और पंचायत मद के युगपतिकरण से पंचायत घर, आंगनबाड़ी, बारात घर, सामुदायिक भवन आदि का निर्माण क़र सकते हैं । भारत सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर ग्रामवासियों को उसका लाभ दिलवा सकते हैं। इस मौके पर मेहमान पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत में किये गये विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर सूरज सिंह, एडीओ ललित सैनी, जिला पंचायत सदस्य कठुआ धर्मेंद्र कुमार, सुभाष, भगत, संदीप, मजोत्रा, शमीम बेगम, गीतू ओलख, शिल्पा दुबे, आशा कुमारी, आशा चौधरी, अमित सेमवाल, सविता पाल, रुखसाना, जाकिर, शहाना, बिंद्रा रावत, सरोज सुयाल, शमशीदा, शाहजहां, नसीमा बेगम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *