एसटीएफ व वन विभाग के हत्थे चढ़ा वन्यजीव तस्कर
रुद्रपुर
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) एवं तराई केन्द्रीय वन प्रभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चला कर पुलभट्टा क्षेत्र से एक वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक गुलदार की खाल बरामद की। वन विभाग की टीम ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव जन्तु संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार देर शाम एसटीएफ को सूचना मिली कि एक वन्यजीव शिकारी गुलदार की खाल लेकर यूपी क्षेत्र में बेचने के लिए जा रहा है। एसटीएफ ने वन विभाग की टीम ने साथ संयुक्त आपरेशन चलाते हुए सुतईया कोठी शंकर फार्म थाना पुलभट्टा से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना नाम दीनानाथ पुत्र लक्ष्मण निवासी ग्राम रसफूड़ा राम्कोला खटीमा को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से एक गुलदार की सात फीट लम्बी एवं चार फीट चौड़ी खाल बरामद की है। एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गुलदार का शिकार छह माह पूर्व सुरई रेंज खटीमा में फंदा लगाकर किसी धारदार हथियार से किया था। वह खाल को बेचने यूपी जा रहा था। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्य जीव जन्तु संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा कायम कर दिया है।
