आशा वर्करों को बुजुर्गों की देखभाल के लिए दिया प्रशिक्षण
रुद्रपुर
आशा वर्करों को बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद घर-घर सर्वे कर बुजुर्गों की सूची तैयार की जाएगी। बीते 14 अप्रैल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष्मान भारत के सीपीएचसी (कंप्रेसिव प्राइमरी हेल्थ केयर) कार्यक्रम के तहत नेशनल हेल्थ मिशन की ओर से क्षेत्र चार एएनएम व 25 आशा कार्यकर्ताओं को दस दिन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनर एनएचएम के ब्लॉक कोआर्डिनेटर मयंक नैनवाल व एनबीएसयू की स्टाफ नर्स प्रतिभा ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के साथ ही अब बुजुर्गों की देखभाल भी आशा कार्यकर्ता करेंगी। इसमें आशाओं को हर घर का सर्वे करना है और बीमार, असहाय व बेसहारा बुजुर्गों का चयन करेंगी। इसके बाद उनकी सूची तैयार की जाएगी। प्रत्येक आशा अपने-अपने क्षेत्र के बुजुर्ग की देखभाल के साथ ही उन्हें बेहतर इलाज दिलाएंगी। उन्होंने बताया कि सर्वे के दौरान नाक, कान, गला व आंखों के रोगियों का भी पता लगाया जाएगा। उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उन पर होगी। इसके लिए सभी बिंदुवार प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
